महाराजपुर:छतरपुर जिले के महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोरारी के युवा कुलदीप यादव ने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में पहली ही कोशिश में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रशिक्षण पूरा कर जब वह अपने गृह ग्राम लौटे तो ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। उनकी उपलब्धि पर पूरे गांव में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
कुलदीप यादव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और मित्र उनके स्वागत के लिए एकत्रित हो गए। लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर, तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने उनकी सफलता को गांव के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
युवा अग्निवीर के सम्मान में गोरारी तिहारी से गांव तक भव्य जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। रास्ते भर विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने कुलदीप का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया और देशसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।ग्रामीणों ने कहा कि कुलदीप यादव की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। परिजनों ने भी खुशी जताते हुए कहा कि कुलदीप ने पूरे परिवार और गांव का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर देशसेवा करने की प्रेरणा मिलेगी।
