सागर: जल गंगा संवर्धन अभियान एवं अमृत हरित महाभियान-2026 के अंतर्गत “एक पेड़, मां के नाम” वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत मकरोनिया नगर पालिका परिषद क्षेत्र के बड़तूमा स्थित शबरी सरोवर परिसर में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सरोवर का निरीक्षण कर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और हरित आवरण का विस्तार वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जल गंगा संवर्धन अभियान केवल एक शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि शबरी सरोवर क्षेत्र की प्राकृतिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय धरोहर के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरोवर का संरक्षण और सौंदर्यीकरण भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य विरासत सिद्ध होगा।
श्री लारिया ने बताया कि परिसर में एक हजार वृक्षों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे यह क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा जनसहभागिता से ही इन अभियानों को स्थायी सफलता प्राप्त हो सकती है। सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर बल देते हुए अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने शबरी सरोवर के विकास कार्यों एवं जल संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह, कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल सहित बड़ी संख्या मे अधिकारी कर्मचारी ,जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन श्याम सुंदर मिश्रा ने किया।
