मीरपुर, 11 जून (वार्ता) जेवियर बार्टलेट (52) और मार्नस लाबुशेन (नाबाद 55) की जूझारु पारियों के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने वर्षा प्रभावित मुकाबले में गुरुवार को बंगलादेश के खिलाफ 42 ओवर में आठ विकेट पर 187 रनों का स्कोर बनाया। आज यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में बिना कोई खाता खोले अपने तीन विकेट गंवा दिये। पहले ओवर में तस्कीन अहमद ने मैथ्यू शॉट को आउट किया। जबकि दूसरे ओवर में मुस्तफिज़ुर रहमान ने कूपर कॉनली और मैट रेनशॉ को आउट किया।
इसके बाद एलेक्स कैरी ने कप्तान जॉश इंग्लिस के साथ पारी को संभलाने का प्रयास किया। आठवें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान ने एलेक्स कैरी (13) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया का चौथा झटका दिया। 18वें ओवर में तनवीर इस्लाम ने जॉश इंगलिस (34) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। कैमरन ग्रीन (25) भी इस्लाम का शिकार बने। एक समय ऑस्ट्रेलिया ने 81 रन के स्कोर पर अपने छह विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय जेवियर बार्टलेट और मार्नस लाबुशेन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच सातवें विकेटके लिए 103 रनों की साझेदारी हुई। 41वें ओवर में तस्कीन अहमद ने बार्टलेट को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। बार्टलेट ने 48 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए 52 रनों की पारी खेली। इसी ओवर में उन्होंने एडम जम्पा (शून्य) का शिकार कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने 42 ओवर में आठ विकेट पर 187 रन बना लिये थे कि बारिश आने के कारण खेल रोकना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया का फिर अंत में यही स्कोर रहा।

