बंगलादेश में जन आक्रोश के बीच सत्यजीत रे के पैतृक घर को गिराने पर लगी रोक

ढाका, 17 जुलाई (वार्ता) बंगलादेशी अधिकारियों ने भारी जन आक्रोश के बीच प्रख्यात भारतीय फिल्म निर्माता सत्यजीत रे के मैमनसिंह स्थित पैतृक घर को ध्वस्त करने की कार्रवाई को रोक दिया है। यह जानकारी मीडिया खबरों के माध्यम से गुरुवार को प्राप्त हुई।

डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, एक सदी पुरानी संपत्ति लंबे समय से जीर्णशीर्ण अवस्था में है और उसे ध्वस्त करने का कार्यक्रम निर्धारित था लेकिन उपायुक्त मोफिदुल आलम ने इसपर रोक लगा दी । उन्होंने आश्चर्यजनक रूप से यह भी कहा कि संबंधित संपत्ति रे का पैतृक घर नहीं है।

उपायुक्त ने कहा, ‘’हमने शहर के वरिष्ठ निवासियों, पुरातत्वविदों एवं शोधकर्ताओं से राय ली है और उनके जानकारी के आधार पर हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि यह इमारत रे का पैतृक घर नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि प्रख्यात समाजसेवी राय बहादुर रानाडा प्रसाद शाहा कभी-कभी इस घर में रहने आते थे तथा रे का पैतृक घर उससे थोड़ी ही दूरी पर था। हरिकिशोर रॉय रोड पर स्थित इस घर को शिशु अकादमी के लिए एक नयी अर्ध-कंक्रीट इमारत का निर्माण करने के लिए ध्वस्त किया जा रहा था।

इससे पहले पुरातत्व विभाग (ढाका और मैमनसिंह प्रभाग) की क्षेत्रीय अधिकारी सबीना यास्मिन ने जांच के बाद उक्त घर की पहचान रे परिवार की पैतृक संपत्ति के रूप में की थी। ज़िला बाल कार्यक्रम अधिकारी को लिखे अपने पत्र में सुश्री यास्मिन ने इमारत को न गिराए जाने का आग्रह किया और लिखा, ‘’यह रे परिवार से संबंधित एक ऐतिहासिक घर है। हालांकि इसे संरक्षित स्थल के रूप में सूचीबद्ध नहीं किया गया है लेकिन यह सौ वर्षों से भी ज़्यादा पुराना है और रे के पूर्वजों से जुड़ा हुआ है। इसे विरासत संरक्षण घोषित करने पर विचार करना चाहिए।’’

स्थानीय मीडिया द्वारा पुरातत्व विभाग की रिपोर्ट का हवाला देने के बाद इस बात पर बड़ी बहस छिड़ गई है कि यह वास्तव में रे का घर है या नहीं। कुछ लोगों का तर्क है कि यह वास्तव में प्रख्यात साहित्यकार उपेन्द्रकिशोर राय चौधरी का पैतृक घर है जो प्रसिद्ध कवि सुकुमार रे के पिता और सत्यजीत रे के दादा थे जबकि कुछ लोगों का मानना है कि इसका निर्माण मुक्तागाछा के महाराजा शशिकांत आचार्य चौधरी ने करवाया था।

गौरतलब है कि 15 जुलाई को भारत सरकार ने बंगलादेश सरकार को प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सत्यजीत रे की मैमनसिंह स्थित पैतृक संपत्ति की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण में सहयोग देने की पेशकश की थी।

Next Post

देवास रेंज के राघौगढ़ में तेंदुए का शव मिला

Thu Jul 17 , 2025
देवास। देवास रेंज की बिट राघौगढ़ नंबर 20 मे गुरुवार को एक तेंदुआ मृत अवस्था मे पाया गया, शव p m के लिए भेजा गया है वन मंडल अधिकारी अमित सिंह चौहान के अनुसार तेंदुआ के शरीर पर कोई चोट या घाव नहीं है pm रिपोर्ट आने के बाद मौत […]

You May Like

मनोरंजन