
इंदौर: इंदौर. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए इंदौर निवासी एलआईसी अधिकारी सुशील नथानियल का पार्थिव शरीर बुधवार रात इंदौर पहुंचा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में मृत इंदौर के स्व. सुशील नथानियल की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एयरपोर्ट इंदौर में शोकाकुल परिवारजनों से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलते ही उनके परिजन फूट-फूट कर रो पड़े. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परिजनों को दिलासा दिलायी और कहा कि दुख और शोक की इस घड़ी में न केवल प्रदेश अपितु पूरा देश उनके साथ है. दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ इस अवसर पर सांसद विष्णु दत्त शर्मा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित इंदौर के जन प्रतिनिधिगण उपस्थित थे. वहीं, जब स्व. नथानियल का शव घर पहुंचा तो मंत्री सिलावट व विधायक रमेश मेंदोल कंधा देते हुए उन्हें घर तक ले गए. वहीं, घटना को लेकर देश से लेकर शहर तक आक्रोश है. जगह-जगह प्रदर्शन भी किए गए.
रहवासी शोक में डूबे रहे
वहीं, हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित वीणा नगर के सेक्टर-बी में उनके निवास पर मातम का माहौल है. सुबह से ही क्षेत्रीय रहवासी शोक में डूबे रहे, वहीं क्षेत्र की अधिकांश दुकानें आज शोक स्वरूप बंद रहीं. परिवार के पड़ोसियों और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा रहा. सुबह जिला कलेक्टर आशीष सिंह भी शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी और शासन की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया.
बेटी को भी पैर में लगी है गोली
मिली जानकारी के अनुसार, सुशील नथानियल अलीराजपुर में पदस्थ एलआईसी अधिकारी थे. वे 15 अप्रैल को अपनी पत्नी जेनिफर, बेटे ऑस्टिन उर्फ गोल्डी एक खिलाड़ी और बैंक ऑफ बड़ौदा, गुजरात में पदस्थ बेटी आकांक्षा उर्फ चुग्गा के साथ कश्मीर यात्रा पर रवाना हुए थे. पुलिस के अनुसार, आतंकियों की अंधाधुंध गोलीबारी में सुशील की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनकी बेटी आकांक्षा के पैर में गोली लगी है. पत्नी जेनिफर को भी इस भयावह हमले के बाद से मानसिक आघात पहुंचा है, उन्हें भी इलाज के लिए इंदौर लाया जा रहा है.
विधायक और महापौर प्रतिनिधि ने पहुंचकर जताया शोक
शहीद अधिकारी के घर आज सुबह विधायक रमेश मेंदोला और प्रभारी महापौर राजेन्द्र राठौर भी पहुंचे. उन्होंने मृतक के परिजनों से भेंट की, ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया. इस दौरान स्थानीय पार्षद राजू भदौरिया समेत अनेक जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे
