दतिया: शहर में मंगलवार देर रात से आज बुधवार तड़के तक पुलिस की सरप्राइज चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई की गई। कोतवाली और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के 12 प्रमुख स्थानों पर हुई सघन जांच में अवैध हथियारों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक चोरी की बाइक बरामद करने के साथ ही शराब पीकर और यातायात नियम तोड़कर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त एक्शन लिया है।
पुलिस के अनुसार, रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर में एक साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान भेड़पुरा चेकिंग पॉइंट पर पुलिस ने गद्दू उर्फ गंधर्व पाल और कपिल वंशकार को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 315 बोर के दो कट्टे, 20 जिंदा कारतूस और एक ब्लैक स्कॉर्पियो जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
चेकिंग अभियान के दौरान कलापुरम और झांसी चुंगी क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चला रहे तीन चालकों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने इन तीनों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत दंडात्मक कार्रवाई की है। इसी सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मौके से एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद करने में सफलता मिली है। यातायात नियमों की अनदेखी पर 14 चालान भी किए गए।
