20 साल से विकास की राह देख रहा हाईवे के किनारे बसा सकरग्राम

नीमच। जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम सकरग्राम (पंचायत चल्दू) के ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों ने कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि करीब दो दशक बीत जाने के बावजूद गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।

ग्रामीणों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के समीप स्थित होने के बावजूद गांव का अब तक भौगोलिक सीमांकन नहीं हुआ है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विकास कार्यों में बाधा आ रही है। गांव में पेयजल संकट भी गंभीर बना हुआ है। महिलाओं को रोजाना पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में प्राथमिक विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि भवन की खराब हालत के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है और कई परिवार निजी विद्यालयों का सहारा लेने को मजबूर हैं।

इसके अलावा श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग के अभाव, अंतिम संस्कार की पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने तथा धर्मशाला और सामुदायिक भवन की कमी जैसी समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों के लिए गांव में कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि वर्षों से लंबित इन मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान कर सकरग्राम को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

Next Post

एसबीसी चुनाव: भोपाल-बुरहानपुर की मतगणना पूरी, पांच प्रत्याशी बढ़त पर

Tue Jun 23 , 2026
जबलपुर। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद निर्वाचन-2026 की मतगणना पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ जारी है। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 22 जून को शुरू हुई भोपाल जिले की मतपेटियों की गिनती मंगलवार को पूरी कर ली गई। इसके साथ ही बुरहानपुर जिले की मतपेटियों की मतगणना भी संपन्न हो […]

You May Like