
शुजालपुर, शहर में एक बार फिर प्री-मानसून की बारिश ने दस्तक दी, जिससे लोगों को राहत मिली. एक दिवस छोडक़र हुई इस प्री-मानसून की बारिश से मौसम सुहाना हो गया तो वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है.
सोमवार को सुबह से दोपहर 2 बजे तक धूप और उमस का वातावरण रहा, जिसमें लोगों को पसीने छुड़ा दिए. दोपहर 2 बजे बाद आसमान में बादलों की उपस्थिति हुई और तेज हवा और बादलों की गर्जना के साथ लगभग आधे घंटे तक तेज व धीमा पानी बरसता रहा. क्षेत्र में प्री-मानसून की गतिविधि के चलते लगभग 3 इंच बारिश हो चुकी है. हालांकि मानसून ने अभी दस्तक नहीं दी है. किसानों ने भी अपने खेतों को बुआई के लिए तैयार कर लिया है. यदि एक-दो इंच पानी और बरस जाता है तो क्षेत्र में बुआई का कार्य शुरू हो जाएगा.
