बुधनी। केंद्रीय कृषि मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बयान और सोशल मीडिया पर जारी वीडियो को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं.
विक्रम मस्ताल शर्मा ने कहा है कि कृषि मंत्री देश में मूंग और उड़द की खरीद की बात तो कर रहे हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं पर कुछ नहीं कह रहे. मध्य प्रदेश वही राज्य है, जिसे कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है. ऐसे में जब शिवराज सिंह स्वयं कृषि मंत्री हैं, तबकिसानों की समस्याओं पर उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो नेता कभी किसानों की आय दोगुनी और कई गुना बढऩे के दावे करते थे, वे आज मूंग तुलाई, समर्थन मूल्य, खाद की उपलब्धता और किसानों की जमीनी समस्याओं पर मौन हैं. उन्होंने कहा कि किसान खाद के लिए परेशान हैं. विशेष रूप से पट्टाधारी किसानों के सामने खाद वितरण को लेकर असमंजस की स्थिति है. वहीं डीजल के लिए लंबी कतारें, गेहूं खरीदी और मूंग तुलाई में देरी से किसान परेशान हैं. मस्ताल ने सरकार से किसानों को समय पर खाद, पर्याप्त डीजल, फसलों का उचित मूल्य और सरल खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है.
