जाम गेट से लौटते वक्त महू के तीन दोस्तों की कार पेड़ से टकराई, तीनों की मौत

इंदौर महू: जाम गेट से पिकनिक मनाकर लौट रहे महू के तीन दोस्तों की शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई. तेज रफ्तार कार बड़गोंडा रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में घुसी और पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों को बचाया नहीं जा सका.हादसा नखेरी डैम के पास हुआ. कार एमपी 43 सी 9299 में सवार हरि फाटक निवासी आदिल और अलशन व रिजमिड बाजार निवासी अबुजर जाम गेट घूमकर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि तीनों अपने अन्य साथियों के साथ नखेरी डैम पर पार्टी करने गए थे. लौटते समय जिस ढाबे से बर्तन लिए थे, वहां वापस करने के बाद सभी घर के लिए निकले थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में जा रही थी. बड़गोंडा रोड पर अचानक चालक ने नियंत्रण खो दिया था, जिससे वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा घुसा और एक पेड़ से जा भिड़ा. टक्कर में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था, जिससे अंदर बैठे युवक बुरी तरह फंस गए थे. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को कार से बाहर निकालकर महू के मध्यभारत अस्पताल भेजा गया, लेकिन दो युवकों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. तीसरे युवक की हालत गंभीर थी, जिसे इंदौर रेफर किया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी भी मौत हो गई.

बड़गोंडा थाना प्रभारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होना सामने आया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में तो हादसा नहीं हुआ. घटना के बाद हरि फाटक और रिजमिड बाजार क्षेत्र में शोक का माहौल है. बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग मध्यभारत अस्पताल पहुंच गए, जहां हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात करना पड़ा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर मर्ग कायम कर लिया है. रविवार को कागजी कार्रवाई पूरी कर सोमवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा

Next Post

महापौर ने किया शिलान्यास

Mon Jun 22 , 2026
सतना:महापौर योगेश कुमार ताम्रकार ने वार्ड क्रमांक 21 में पार्षद निधि से ₹21.12 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सी.सी. सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। यह सड़क क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ वार्ड के समग्र विकास को भी नई गति देगी। […]

You May Like