जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा के दौरान ‘नो फ्लाइंग जोन’ में ड्रोन उड़ाया, दो गिरफ्तार

श्रीनगर, 08 दिसंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल जिले में कुछ माह पहले अमरनाथ यात्रा के दौरान “नो फ्लाइंग ज़ोन” में ड्रोन उड़ाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि प्रतिबंधित इलाके के ऊपर गैर-कानूनी तरीके से उड़ाये जा रहे एक ड्रोन को सुरक्षा बलों ने यात्रा को होने वाले किसी भी संभावित खतरे को टालने के लिये नीचे गिरा दिया था।

उल्लेखनीय है कि गृह मंत्रालय ने जून में पूरे यात्रा कॉरिडोर को “नो फ्लाइंग ज़ोन” घोषित कर दिया था और यात्रा के दौरान ड्रोन और गुब्बारों सहित “किसी भी तरह की उड़ने वाली चीज़” पर प्रतिबंध लगा दिया था।

एक ड्रोन के अवैध संचालन के बाद पुलिस स्टेशन गुंड में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गयी।

पुलिस के एक बयान में कहा गया कि गंदेरबल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खलील अहमद पोसवाल के निर्देश पर तकनीक विशेषज्ञों की एक टीम ने ज़ब्त किये गये ड्रोन की विस्तार से फोरेंसिक जांच की ताकि परिचालन की जानकारी निकाली जा सके और नो-फ्लाई ज़ोन के ऊपर इसका इस्तेमाल करने वाले लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने कहा कि वह फोरेंसिक लैब की पड़ताल के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में सफल रही है। जांच के बाद श्रीनगर के सनत नगर के ओवैस मुनीर खान और खानयार श्रीनगर के मुनव्वर-आबाद के फरूज़ अहमद नेंगरू को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कहा, “दोनों बिना किसी इजाज़त के प्रतिबंधित इलाके में ड्रोन उड़ाने के लिए ज़िम्मेदार थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया और इस मामले में आरोप पत्र दायर किया गया है।”

Next Post

विवाह पहले से ही शून्य होने पर आवेदन निरस्त

Tue Dec 9 , 2025
जबलपुर: कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश विजय सिंह कावछा की अदालत ने अपने एक आदेश में स्पष्ट किया कि हिंदू पति का मुस्लिम पत्नी से विवाह प्रावधान अनुसार पहले से ही शून्य है, अत: शून्यीकरण का आवेदन निरस्त किया जाता है। आवेदक अरमान श्रीवास्तव ने शाहीन बेगम से विवाह किया […]

You May Like