इंदौर:तिलक नगर थाना क्षेत्र के ब्रजेश्वरी एक्सटेंशन में दिनदहाड़े बंद मकान में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने 9 दिन बाद खुलासा किया. पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो पहले भी कई वारदातों में शामिल रहे हैं. आरोपियों से कुछ सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है, जबकि बाकी माल की तलाश जारी है.
11 जून को सुनीता शर्मा अपने परिवार के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए गई थीं, घर पर ताला लगा था. शाम करीब साढ़े चार बजे किरायेदार ने फोन कर बताया कि घर के ताले टूटे पड़े हैं. परिवार जब लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर अलमारी खुली पड़ी थी. सास के कमरे की अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया था. चोर घर से सोने की सात अंगूठियां, पांच मंगलसूत्र, दो चैन, हार सेट, कड़े, नथ, कान के आभूषण, चांदी की पायल और नगदी सहित बड़ी मात्रा में सामान ले गए थे.
घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की. करीब 9 दिन की जांच के बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर स्कीम नंबर 140 इलाके से दो युवकों को पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने चोरी करना कबूल कर लिया. आरोपियों के पास से करीब 1.20 लाख की सोने की झुमकी, 1.50 लाख का मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है.
पुलिस आयुक्त खजराना कुन्दन मण्डलोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ बिट्टू शर्मा उम्र 29 साल और दीपक उर्फ भांजा उम्र 25 साल के रूप में हुई है. दोनों फिलहाल गोरी नगर में रह रहे थे और पहले भी कई मामलों में शामिल रहे हैं. पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सके.
