व्यापारी के साथ 39 लाख की धोखाधड़ी, प्रकरण दर्ज

आरोपी ने सोयाबीन और नकद राशि लेकर भुगतान से किया इनकार

 

शाजापुर, 20 जनवरी. शाजापुर में एक व्यापारी के साथ 39 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. कोतवाली पुलिस ने इस मामले में फरियादी शुभम की शिकायत पर आरोपी आरिफ पिता अय्यूब खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने फरियादी से ऊंचे दाम पर बेचने का लालच देकर 10 लाख रुपए की सोयाबीन खरीदी और अलग-अलग समय पर 29 लाख रुपए नकद भी लिए, जिसे लौटाने से अब आरोपी इनकार कर रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 6 मार्च 2023 की है. जब आरोपी ने फरियादी के वेयरहाउस से 112 क्विंटल सोयाबीन खरीदी. इसके बाद उसने अन्य लोगों से माल खरीदकर अच्छे दामों पर बेचने का झांसा देकर पांच किश्तों में 29 लाख रुपए उधार ले लिए. फरियादी ने यह राशि दूसरे लोगों से उधार लेकर दी थी. जब फरियादी ने लिखित एग्रीमेंट की मांग की, तो आरोपी ने एक हजार रुपए का स्टाम्प देकर टालमटोल करना शुरू कर दिया. बाद में उसने फरियादी के फोन उठाना भी बंद कर दिए. जब एक दिन फरियादी ने उसे पकडऩे की कोशिश की, तो उसने गाली-गलौज कर रुपए लौटाने से साफ मना कर दिया.

फरार है आरोपी…

कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी आरिफ पिता अय्यूब खान ने फरियादी शुभम को झांसे में लिया. उसने 6 मार्च 2023 को फरियादी के वेयरहाउस से 112 क्विंटल सोयाबीन खरीदी, जिसकी कीमत 10 लाख रुपए बताई जा रही है. यह सोयाबीन आरोपी ने ऊंचे दाम में बेचने का लालच देकर बिना पैसे चुकाए खरीदी थी. इसके अलावा भी आरोपी ने अलग-अलग समय पर फरियादी शुभम से 29 लाख रुपए नकद लिए, जिसे करीब दो साल होने वाले हैं, लेकिन आरोपी राशि लौटाने से इनकार कर रहा है. आरोपी द्वारा फरियादी के साथ राशि नहीं देने को लेकर विवाद भी किया गया, जिसके बाद फरियादी ने कोतवाली पुलिस को शिकायत दर्ज कराई. हालांकि आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है.

 

विभिन्न धाराओं में दर्ज किया प्रकरण…

 

थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर आरोपी आरिफ पिता अय्यूब खान के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर फरियादी को न्याय दिलाया जाएगा.

Next Post

भारत के प्राचीन सिक्कों पर प्रदर्शनी भोपाल में 22 जनवरी से

Mon Jan 20 , 2025
भोपाल, 20 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में संचालनालय पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय के अंतर्गत डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर पुरातत्व शोध संस्थान द्वारा अश्विनी शोध संस्थान, महिदपुर, उज्जैन के सहयोग से भारत के प्राचीन सिक्कों पर केन्द्रित विषय ‘युग युगीन सिक्कें’ पर प्रदर्शनी लगाई जा रही है। प्रदर्शनी का […]

You May Like