पाकिस्तान से 50,000 टन चावल आयात कर रहा बंगलादेश

ढाका 25 फरवरी (वार्ता) बंगलादेश ने 1971 में अपनी आजादी के बाद पहली बार पाकिस्तान के साथ सीधा व्यापार फिर से शुरू किया है और सरकार-से-सरकार सौदे के तहत 50,000 टन चावल वहां से आयात कर रहा है।

डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक यह सौदा अगस्त 2024 में बंगलादेश की तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाने के बाद सेना समर्थित अंतरिम सरकार के सत्ता संभालने के बाद से राजनयिक संबंधों में सुधार के बाद हुआ है। इस महीने की शुरुआत में हुए नये समझौते के तहत बंगलादेश ट्रेडिंग कॉरपोरेशन ऑफ पाकिस्तान के माध्यम से पाकिस्तान से 499 डॉलर प्रति टन की दर से सफेद चावल खरीदेगा। शिपमेंट दो चरणों में वितरित किया जायेगा और शेष 25,000 टन मार्च की शुरुआत में आने की उम्मीद है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तानी सफेद चावल की कीमत वियतनाम से आयातित चावल से अधिक है, जिसे बंगलादेश 474.25 डॉलर प्रति टन की दर से आयात कर रहा है।

बंगलादेश में मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार चावल बाजार को स्थिर करने के लिए संघर्ष कर रही है, क्योंकि हाल के महीनों में इसकी कीमतों में 15-20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और मध्यम गुणवत्ता वाले चावल की बिक्री लगभग 80 टका प्रति किलोग्राम है।

रिपोर्ट के मुताबिक चावल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार निविदाओं सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों से अधिक चावल आयात कर रही है और आयात शुल्क समाप्त कर दिया है।

 

Next Post

इराक ने अमेरिका के समक्ष नये सुरक्षा समझौते का प्रस्ताव रखा: अब्बासी

Tue Feb 25 , 2025
दोहा, 25 फरवरी (वार्ता) इराक ने अमेरिका के समक्ष नये सुरक्षा समझौते पर सहमति का प्रस्ताव रखा है, जिसमें खुफिया सहयोग भी शामिल होगा। इराक के रक्षा मंत्री थाबित अल-अब्बासी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने सऊदी टीवी चैनल अल-हद से कहा, “हमने अमेरिका के समक्ष नये सुरक्षा समझौते […]

You May Like