दोहा, 25 फरवरी (वार्ता) इराक ने अमेरिका के समक्ष नये सुरक्षा समझौते पर सहमति का प्रस्ताव रखा है, जिसमें खुफिया सहयोग भी शामिल होगा।
इराक के रक्षा मंत्री थाबित अल-अब्बासी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने सऊदी टीवी चैनल अल-हद से कहा, “हमने अमेरिका के समक्ष नये सुरक्षा समझौते का प्रस्ताव रखा है और हमें लगता है कि यह अब भी विचाराधीन है।”। उन्होंने बताया कि नया सुरक्षा समझौता एक स्थायी सुरक्षा साझेदारी और खुफिया सहयोग प्रदान करेगा।
गौरतलब है कि इराक को उम्मीद है कि उसकी जमीन पर तैनात अमेरिकी सैनिक इस वर्ष स्वदेश लौट जाएंगे, जिससे देश में एक दशक से अधिक समय से अमेरिकी सैन्य उपस्थिति समाप्त हो जाएगी। अमेरिका ने 2014 में इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह (रूस में प्रतिबंधित) के खिलाफ एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन के हिस्से के रूप में इराक में सैनिक भेजे थे। इराक गठबंधन सहयोगियों के साथ नये सुरक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है।
सीरिया में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति पर टिप्पणी करते हुए श्री अल-अब्बासी ने कहा कि इराक चाहता है कि जब तक सीरिया सेना का निर्माण नहीं कर लेता या अमेरिका की मदद से उत्तर-पूर्वी सीरिया को नियंत्रित करने वाले कुर्द नीत विद्रोही सीरियाई डेमोक्रेटिक फोर्सेस के साथ समझौता नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वहां सेना को तैनात रखे।
