बमोरी में आंधी के साथ बरपी आग, चार घर जलकर खाक

गुना। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात आए भीषण आंधी-तूफान ने नोनेरा गांव में भारी तबाही मचाई है। आंधी के साथ उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते चार परिवारों के आशियाने उजाड़ दिए। इस हादसे में घर-गृहस्थी का सामान, अनाज और खेती के उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम आधे-अधूरे प्रयास कर लौट गई, जिसके कारण आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।

घटना बुधवार रात करीब 12:00 बजे की है। जब ग्रामीण गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी के साथ आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि सत्तार, अनीश, रहीश और अंगूर खां के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता देख गांव में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए लोग अपने घरों से निकलकर पास की पहाड़ियों की ओर भाग गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। इस भीषण अग्निकांड में चारों परिवारों का साल भर का राशन, कपड़े और घर का सारा कीमती सामान जल गया है। इसके अलावा, खेती के काम आने वाले प्लास्टिक के पाइप और अन्य उपकरण भी आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित परिवारों के पास अब सिर छिपाने के लिए छत और खाने के लिए दाना तक नहीं बचा है। पड़ोसियों के घरों में रखे कुछ उपकरण भी इस आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर प्रयास शुरू किए गए और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची तो सही, लेकिन पानी कम पड़ जाने के कारण वह दोबारा पानी भरने के लिए वापस लौटी और फिर लौटकर नहीं आई। फायर ब्रिगेड की इस संवेदनहीनता के कारण आग पूरी तरह नहीं बुझ पाई और ग्रामीणों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा। हादसे के बाद बमोरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है, लेकिन अभी तक राजस्व विभाग या प्रशासन का कोई अधिकारी पीड़ितों की सुध लेने नहीं पहुंचा है। बेघर हुए चारों परिवार इस समय खुले आसमान के नीचे बैठने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

Next Post

लम्बे समय से फरार 10 हजार का इनामी अफीम तस्कर गिरफ्तार 

Thu Apr 30 , 2026
सारनी। लम्बे समय से फरार चल रहे दस हजार का इनामी अफीम तस्कर को सारनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. टी आई जयपाल इवनाती ने बताया कि सारनी थाने के तीन मामलो मे फरार चल रहे अफीम तस्कर राकेश उर्फ़ रंगीला बंजारा को पकड़ने मे सफलता मिली है. उन्होंने कहा […]

You May Like

मनोरंजन