नयी दिल्ली, (वार्ता) टेरो एंटरटेनमेंट पब्लिक कंपनी लिमिटेड ने दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते शहरी खेल को भारत में लाने की दिशा में पहला कदम उठाते हुए मंगलवार को यहां 3बाय3 क्वेस्ट इंडिया 2026 का आधिकारिक रूप से पेश किया।
बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) और एफआईबीए द्वारा समर्थित, यह पहल बास्केटबॉल टूर्नामेंट से कहीं बढ़कर है। 12-13 सितंबर, 2026 को डीएलएफ प्रोमेनेड – एम्पोरियो में क्वेस्ट इवेंट के साथ शुरू होने वाले इस पहले टूर्नामेंट में शानदार और जबरदस्त 3बाय3 मुक़ाबले के साथ-साथ म्युज़िक, इंटरैक्टिव फैन जोन और जबरदस्त एनर्जी देखने को मिलेगी, जिसने इस प्रारूप को विश्वस्तर पर मशहूर और ओलंपिक स्पोर्ट बना दिया है। पारंपरिक 5-ऑन-5 बास्केटबॉल के विपरीत 3बाय3 हाफ-कोर्ट पर खेला जाता है, जिसमें 12-सेकंड का शॉट क्लॉक लगातार चलता रहता है। गेम केवल 10 मिनट का होता है, या फिर जैसे ही कोई टीम 21 पॉइंट बना लेती है, गेम खत्म हो जाता है। यह तेज़ी से खेला जाने वाला, एक्शन से भरपूर और हमेशा गतिमान रहने वाला हाई-एनर्जी गेम है, जो स्किल और तकनीक पर आधारित है।
आज यहां आयोजित सम्मेलन में टेरो एंटरटेनमेंट के लीडर्स और भारत के स्पोर्ट्स इकोसिस्टम से जुड़े दिग्गज एफआईबीए, बास्केटबॉल फडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) और टेरो इंडिया टीम के प्रतिनिधि शामिल थे। इन सभी ने मिलकर 3बाय3 इंडिया के लिए विज़न, फ़ॉर्मेट और रोडमैप के बारे में जानकारी दी। इस आयोजन में 3बाय3 क्वेस्ट इंडिया 2026 की ट्रॉफ़ी और जर्सी को भी आधिकारिक तौर पर पेश किया गया।
इस अवसर पर टेरो एंटरटेनमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर और संस्थापक ब्रायन एल. मार्कर ने कहा, “भारत दुनिया भर में 3बाय3 के लिए सबसे बड़े अवसरों में से एक है। भारत में बड़ी संख्या में युवा आबादी है, खेलों के लिए ज़बरदस्त उत्साह है, और एक ऐसी पीढ़ी है जो नए तरीकों से संस्कृति, जुड़ाव और मनोरंजन को अपना रही है। 3बाय3 की प्रतियोगिता की भावना ने हमें आकर्षित किया। पिछले कई दशकों से, हमने खेल, इंटरनेशनल संगीत, टेलीविज़न और मनोरंजन के क्षेत्र में कई अनुभव तैयार किए हैं। हमारा मानना है कि भारत में दुनिया के बड़े 3बाय3 मार्केट में से एक बनने की क्षमता है, और क्वेस्ट इंडिया से ही इस सफ़र की शुरुआत होती है।”
टेरो इंडिया के एमडी और सीईओ चंद्रकांत सिंह ने कहा, “हमारा मकसद भारत में 3बाय3 को ज़मीनी स्तर से आगे बढ़ाना है। हम युवा खिलाड़ियों के लिए खेल को जानने, मुक़ाबले करने और प्रतियोगी आयोजनों के ज़रिए आगे बढ़ने के मौके देना चाहते हैं। साथ ही, खिलाड़ियों को यह भी पता होना चाहिए कि यह सफ़र उन्हें कहां तक ले जा सकता है। 3बाय3 उन्हें बड़े इंटरनेशनल मुक़ाबलों और ग्लोबल 3बाय3 सर्किट से जुड़ने के मौके देता है। हम उन्हें सर्वोच्च स्तर तक पहुँचने में मदद करना चाहते हैं, ताकि युवा खिलाड़ी स्थानीय स्तर पर खेल को जान सकें और बड़े मुकाम तक पहुंच सकें।”
