
भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक रामपथ गमन मार्ग से जुड़े जिलों में दीपोत्सव मनाने की घोषणा की है। कांग्रेस ने इस निर्णय का स्वागत किया, लेकिन साथ ही यह भी याद दिलाया कि कमलनाथ सरकार ने ही सबसे पहले इस मार्ग के निर्माण के लिए 250 करोड़ रुपये आवंटित किए थे।
मप्र कांग्रेस के प्रवक्ता रवि सक्सेना ने कहा कि धार्मिक उत्सव महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सरकार को प्रदेश की वास्तविक समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 42 लाख युवा बेरोजगार हैं, जिन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए। साथ ही महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बलात्कार और दुष्कर्म की घटनाओं पर भी रोक लगनी चाहिए।
सक्सेना ने किसानों पर खाद के लिए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें उनकी फसल का उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश को अपराधमुक्त और विकासशील बनाया जाए, तभी नागरिक हर्षोल्लास से दीपोत्सव मना सकेंगे।
