ग्वालियर:नेपाल के अच्छाम जिले से चार साल पहले काम की तलाश में भारत आया 26 वर्षीय चक्र बहादुर अचानक दिल्ली के शाहदरा इलाके से लापता हो गया था। परिजन लगातार उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ग्वालियर के बिजौली इलाके में वह लावारिस हालत में घबराया हुआ मिला। एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे स्वर्ग सदन आश्रम पहुंचाया, जहां उसकी देखभाल शुरू हुई। बस उसे सिर्फ नेपाल के अच्छाम जिले का नाम याद था।
इसी एक नाम के सहारे उसकी पहचान और परिवार तक पहुंचने की कोशिश शुरू हुई। स्वर्ग सदन आश्रम ने चक्र बहादुर की कहानी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद उसकी तस्वीर और जानकारी वायरल होते-होते दिल्ली के शाहदरा इलाके के नेपाली समुदाय के एक वॉट्सऐप ग्रुप तक पहुंच गई। इसी ग्रुप में मौजूद कुछ नेपाली नागरिकों ने उसे पहचान लिया और जानकारी उसके परिजनों तक पहुंचाई। चक्र बहादुर के पिता ने आश्रम प्रशासन को बताया कि वह अप्रैल में ग्वालियर आएंगे और अपने बेटे को घर ले जाएंगे।
