भोजपुर/भोपाल: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी के समीप स्थित प्रसिद्ध भोजेश्वर मंदिर में आज तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह होते-होते मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भर गया और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। आस-पास से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और अभिषेक के लिए पहुंचे।
वहीं दूसरी ओर भोपाल शहर के विभिन्न शिवालयों में भी भोर से ही पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया।
कई मंदिरों में विशेष सजावट की गई तथा दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए। श्रद्धालु उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। उधर,प्रशासन की ओर से भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्थाएँ की गईं। महाशिवरात्रि पर्व से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में रंगा दिखाई दे रहा है।
