
जबलपुर। गौर स्थित कुड़रिया में बिजली के खंभे में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुड़रिया गौर निवासी संदीप कनौजिया का 7 वर्षीय पुत्र श्लोक कनौजिया बुधवार की सुबह घर के पीछे स्थित खेत की तरफ शौच के लिए गया हुआ था। जब काफी देर बीत जाने के बाद भी श्लोक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजन उसे ढूंढते हुए खेत की तरफ गए। खोजबीन के दौरान परिजनों ने श्लोक को जमीन पर बेसुध पड़ा देखा। वहां का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। वह खेत में दौड़ रहे बिजली के करंट की चपेट में आ गया था। बदहवास परिजन मासूम को तुरंत उठाकर पास के एक अस्पताल लेकर भागे, ताकि उसकी जान बचाई जा सके। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टर ने परीक्षण के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की घोषणा सुनते ही अस्पताल परिसर चीखों से गूंज उठा। आरोप है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार झूल रहे थे और खंभे में भी करंट उतर रहा था। इस खतरे को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायतें दी गई थीं। इसके बावजूद लापरवाह अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी और किसी ने समस्या को ठीक करना जरूरी नहीं समझा। मंगलवार की शाम को तेज आंधी और बारिश हुई थी। विभाग की अनदेखी के चलते झूलते तारों का करंट फैल गया। बुधवार की सुबह जैसे ही मासूम श्लोक वहां पहुंचा, वह इस घातक करंट की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई। आक्रोशितों ने जिम्मेदार दोषी बिजली अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
