इटली, कोरिया और भूटान सहित अनेक देशों के नेताओं ने दी मोदी को बधाई

इटली, कोरिया और भूटान सहित अनेक देशों के नेताओं ने दी मोदी को बधाई

नयी दिल्ली 10 जून (वार्ता) इटली, दक्षिण कोरिया और भूटान सहित अनेक देशों के नेताओं ने सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने श्री मोदी को बधाई देते हुए हाल ही में रोम में श्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात को याद किया। उन्होंने दोनों देशों तथा लोगों के परस्पर फायदे के लिए भारत और इटली के बीच ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। सुश्री मेलोनी ने सोशल मीडिया पर श्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए कहा,” बधाई हो नरेन्द्र मोदी,जो आज भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और मिलकर एक ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ की शुरुआत करना खुशी की बात रही है। यह साझेदारी भविष्य की ओर देखते हुए हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए अवसर पैदा करने पर केंद्रित है।”

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने पत्र लिखकर श्री मोदी को बधाई दी और उन्हें अपना दोस्त, भाई तथा मार्गदर्शक बताया। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग ने श्री मोदी को बधाई देते हुए भारत के विकास और प्रगति में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा ,” प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मैं आपको दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई देता हूं। आपने कई वर्षों तक भारत के विकास और प्रगति का नेतृत्व किया है तथा अंतरराष्ट्रीय समुदाय में भारत की प्रतिष्ठा को ऊंचा उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुझे विश्वास है कि यह उपलब्धि भारत के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व पर जताए गए भरोसे को दर्शाती है। अप्रैल में हमने कोरिया-भारत विशेष रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने तथा विकास और नवाचार से भरे भविष्य के निर्माण के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई थी। मैं आपके साथ विश्वास और मित्रता को आगे बढ़ाने तथा हमारे दोनों देशों के लोगों के लिए लाभकारी ठोस परिणाम प्राप्त करने की आशा करता हूं। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और भारत के लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करता हूं।”

मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज़ू ने श्री मोदी को बधाई दी और कहा ,” भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बनने पर नरेन्द्र मोदी को बधाई। मालदीव आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और साझा हितों के आधार पर भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए उत्सुक है।” नाइजीरिया के राष्ट्रपति अहमद टिनुबू ने भी श्री मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने लोगों द्वारा लगातार तीन बार उनके नेतृत्व में दिखाए गए भरोसे और विश्वास का ज़िक्र किया। राष्ट्रपति टिनुबू ने भारत-नाइजीरिया संबंधों को मज़बूत बनाने में श्री मोदी के योगदान की सराहना की और उनके अच्छे स्वास्थ्य, समझदारी तथा सफलता की कामना की।” श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भी श्री मोदी को बधाई दी और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने के लिए श्रीलंका की प्रतिबद्धता दोहराई।

.....

Next Post

सुस्मिता देव के राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफे से तृणमूल संकट गहराया, सामूहिक दलबदल की अटकलों से बढ़ा गतिरोध

Wed Jun 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहा संकट बुधवार को उस समय और गहरा गया, जब पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सुस्मिता देव ने उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया। वह दिग्गज नेता सुखेंदु शेखर रॉय के बाद एक हफ्ते के भीतर इस्तीफा देने […]

You May Like