नयी दिल्ली, 12 जून (वार्ता) नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू ने कहा है कि अहमदबाद में गुुरुवार को हुये विमान हादसे की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच करायी जायेगी।
श्री नायडू ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचने के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह हादसे के बाद से गहरे सदमे में हैं। इस समय वह यात्रियों और उनके परिवारों के बारे में सोच रहे हैं। अभी वह हताहतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहना चाहते। कई एजेंसियां बचाव और राहत कार्य में लगी हुयी हैं।
उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना की निष्पक्ष और विस्तृत जांच करायी जायेगी और यह पता लगाया जायेगा कि यह दुर्घटना किस वजह से हुई।
श्री नायडू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें फोन कर दुर्घटना स्थल पर रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटनाग्रस्त विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे।
गौरतलब है कि आज दोपहर बाद अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान उड़ान भरने के तत्काल बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में यात्री और चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे।
