इंदौर: सार्वजनिक स्थान पर तेज आवाज में डीजे बजाना महंगा पड़ गया. विजयनगर पुलिस ने एबी रोड पर शर्मा स्वीट्स के सामने कार्रवाई करते हुए वाहन से करीब 5.31 लाख रुपए कीमत का डीजे साउंड सिस्टम जब्त किया. पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.पुलिस की टीम थाना क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि शर्मा स्वीट्स के सामने एक वाहन में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है.
टीम मौके पर पहुंची तो वाहन नम्बर एमपी 13 जीए 9338 में डीजे साउंड सिस्टम लगा मिला. मौके से स्ट्रेंजर कंपनी का कंट्रोलर/मिक्सर और एम्प्लीफायर सहित पीआरडीओ कंपनी के 800-800 वाट के 10 साउंड सिस्टम जब्त किए. जब्त सामान की कीमत करीब 5 लाख 31 हजार रुपए है. पुलिस ने इसे मालखाने में जमा कराते हुए डीजे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में डीजे बजाकर ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. बिना अनुमति या निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर डीजे बजाने पर साउंड सिस्टम जब्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
