इंदौर:आजाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात गणेश उत्सव जुलूस के दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर हुआ विवाद चाकूबाजी में बदल गया. बदमाश ने दो नाबालिग दोस्तों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय नाबालिग ने देर रात एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसका 17 वर्षीय साथी गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती है. पुलिस ने एक आरोपी को नामजद कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
असरावद खुर्द में रहने वाले 16 वर्षीय कृष्णा पिता शेरू पंवार और 17 वर्षीय साहिल पिता रमेश कजोले तेजाजी नगर से आजाद नगर में निकल रहे गणेश उत्सव जुलूस में शामिल होने पहुंचे थे. जुलूस में करीब नौ से अधिक डीजे वाहन चल रहे थे. दोनों जयदीप डीजे वाहन के पीछे नाच रहे थे. इसी दौरान भीड़ में एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोपी ने चाकू निकालकर कृष्णा के सीने पर कई वार कर दिए। वह सड़क पर गिर पड़ा.
दोस्त को बचाने आया, उस पर भी हमला
कृष्णा को बचाने के लिए साहिल आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया और मौके से भाग निकलाय. वारदात के बाद जुलूस में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को एमवाय अस्पताल ले जाया गया. उपचार के दौरान कृष्णा की मौत हो गई, जबकि साहिल की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया.
दोनों मजदूरी कर परिवार की मदद करते थे
परिजनों ने पुलिस को बताया कि कृष्णा और साहिल के परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं. दोनों मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर परिवार की मदद करते थे.
आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदौरिया ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर नामजद आरोपी की तलाश की जा रही है. जुलूस के दौरान मौजूद लोगों के बयान लिए जा रहे हैं. साथ ही सीसीटीवी फुटेज की मदद से वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
