मुख्य आरोपी के खुलासे पर रतलाम शहर से महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

रतलाम/जावरा। जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे महा-अभियान के तहत एमडी ड्रग्स तस्करी के एक बड़े और संगठित नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही और तकनीकी कडिय़ों को जोड़ते हुए एक महिला सहित तीन और शातिर तस्करों को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। शुरुआती तौर पर 55 ग्राम एमडी ड्रग्स की जब्ती से शुरू हुई यह जांच अब छोटे पैडलर्स से लेकर बड़े सप्लायर्स तक पहुंच चुकी है। इस पूरी कार्रवाई के बाद जब पुलिस टीम द्वारा तीनों आरोपियों को जावरा न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, तो वहां का नजारा देखने लायक था। बदनामी और पुलिस के खौफ से डरे आरोपियों में से महिला और एक अन्य युवक तो बकायदा नकाब पहनकर पहुंचे थे, जबकि तीसरा आरोपी अपने हाथ से मुंह छुपाकर कोर्ट परिसर में दाखिल हुआ। कानून के शिकंजे में आते ही तस्करों की सारी हेकड़ी गायब नजर आई।

मुखबिर की सूचना से खुला 55 ग्राम एमडी का राज:इस पूरे ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ तब हुआ जब 12 मई को थाना रिंगनोद पुलिस ने एक सटीक और विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। पुलिस ने युनुस पिता सैय्यद हबीब (46) निवासी वकील कॉलोनी, रतलाम को 55 ग्राम घातक एमडी ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जब सख्ती से पूछताछ शुरू की गई, तो परत दर परत पूरा नेटवर्क उखड़ता चला गया।

कामयाबी के पीछे इनकी रही भूमिका:इस पूरे संगठित नेटवर्क को बेनकाब करने में जावरा ग्रामीण एसडीओपी संदीप मालवीय, रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, ढोढर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक घुवीर जोशी, प्रधान आरक्षक सुधीरसिंह राठौर, राहुल उपाध्याय, आरक्षक नरेन्द्रसिंह जगावत, रविन्द्र सिंह चौहान और शोभाराम शर्मा की अत्यंत सराहनीय भूमिका रही।

एसपी अमित कुमार ने कहा कि हमारा मकसद सिर्फ पैडलर्स को पकडऩा नहीं, बल्कि इस अवैध कारोबार के आकाओं तक पहुंचना है। युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले इन तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

 

सप्लाई चेन ध्वस्त, अब तक 6 गिरफ्तार

 

मुख्य आरोपी युनुस से वैज्ञानिक और तकनीकी पूछताछ के बाद पुलिस ने आमीर उर्फ अन्नू बाबा, आसिम और सुधीर कल्याणे को दबोचा। इन आरोपियों से मिले इनपुट्स और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रतलाम शहर में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क पर दोबारा चोट की। इस बार पुलिस ने एक महिला तस्कर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।

Next Post

आरडीवीवी: फाइनल रिहर्सल में नजर आया उत्साह 

Sat Jun 20 , 2026
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36 वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान दीक्षांत समारोह की सभी औपचारिक प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक गरिमा के साथ दीक्षांत यात्रा निकाली गई। फाइनल रिहर्सल के […]

You May Like