सिवनी: सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पेंच टाइगर रिजर्व के समीप एक गांव के 52 वर्षीय मजदूर राजू पटेल ने नशे की हालत में बाघ का सिर सहलाया और उसे देसी शराब ऑफर की। वीडियो के क्लिप में कथित रूप से दिख रहा है कि राजू करीब 5-10 मिनट तक बाघ के पास खड़े रहे और बोतल आगे बढ़ाई, जिसे बाघ ने सूंघा लेकिन अनदेखा कर दिया।
हालांकि पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने इस फुटेज को फर्जी बताया है और उसकी सच्चाई पर सवाल उठाए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे वीडियो की प्रामाणिकता जाँची जानी चाहिए और जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुँचना ठीक नहीं होगा।घटना के कथित बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया था और टीम ने स्पॉटलाइट और हल्के ट्रैंक्विलाइज़र की मदद से बाघ को जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया यह ऑपरेशन रात करीब 3 बजे तक चला, ऐसा वीडियो में दिखाया गया है।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों को चेतावनी दी है कि जंगली जीवों के इतने पास जाना खतरनाक है, खासकर उन क्षेत्रों में जहाँ हाल ही में मानव–बाघ टकराव की घटनाएँ बढ़ी हुई हैं। अधिकारियों ने वायरल क्लिप की पड़ताल कर आवश्यकता होने पर कानूनी कार्रवाई का संकेत भी दिया है।
