
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36 वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों के तहत शनिवार को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान दीक्षांत समारोह की सभी औपचारिक प्रक्रियाओं का अभ्यास किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पारंपरिक गरिमा के साथ दीक्षांत यात्रा निकाली गई। फाइनल रिहर्सल के दौरान माननीय कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि 21 जून को आयोजित दीक्षांत समारोह को महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मुु, मप्र के महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री मंगुभाई पटेल, मप्र मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार सहित अन्य विशिष्ट हस्तियों के आगमन को ध्यान में रखकर कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास किया गया जिसमें सभी उपाधि धारक एवं स्वर्ण पदक धारियों ने विशेष उल्लास और उमंग के साथ भाग लिया।
दीक्षांत फाइनल रिहर्सल में कुलगुरु के साथ कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल, विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, कार्यपरिषद सदस्य तथा विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीक्षांत यात्रा कुलगुरु कक्ष से निर्धारित मार्ग से होकर समारोह स्थल तक पहुंची। इस दौरान मंच संचालन, अतिथियों के स्वागत, उपाधि एवं पदक वितरण कार्यक्रम सहित समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं का क्रमबद्ध अभ्यास किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह से जुड़े प्रत्येक प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश भी दिए।
मंच से प्रदान किये जायेंगे 66 स्वर्ण पदक, 160 उपाधियां-
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36 वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां शनिवार को पूर्ण कर ली गईं। माननीय प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने विभिन्न समितियों के अध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विवि दीक्षांत आयोजन समिति संयोजक प्रो. एस.एस. संधु, प्रो. राकेश बाजपेयी ने बताया कि समारोह में राष्ट्रपति भवन से प्राप्त प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए मंच से महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा 20 स्वर्णपदक धारियों को पदक प्रदान किये जायेंगे एवं इसके पश्चात् शेष स्वर्ण पदक एवं उपाधि धारक को उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा पदक एवं उपाधियां प्रदान की जाएगी जिनकी रिहर्सल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई गई। दीक्षांत समारोह में 66 स्वर्ण पदक, 155 पीएचडी, 03 डी. लिट् एवं 01 डीएससी उपाधि व 01 मानद उपाधि प्रदान किया जाना प्रस्तावित है।
कलेक्टर, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने किया निरीक्षण-
्र शनिवार को जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों व सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी ऐजेन्सियों द्वारा निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रोटोकॉल संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
योग से योग्यता तक दीक्षांत संकल्प
21 जून को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक दीक्षांत समारोह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विवि के बीएड विभाग द्वारा योग से योग्यता तक दीक्षांत संकल्प- 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। विवि बीएड विभाग प्रमुख प्रो. अलका नायक ने बताया कि योग हमें स्वयं से जोड़ता है, शिक्षा हमें समाज से जोड़ती है।
