इंदौर: चंदन नगर थाना क्षेत्र में पतंग उतारने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 9 साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को रविवार शाम एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां सोमवार सुबह उसने दम तोड़ दिया. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.घटना चंदन नगर थाना क्षेत्र के नगीन नगर इलाके की है. रविवार शाम बच्चा बिजली के पोल पर चढ़कर फंसी पतंग उतारने की कोशिश कर रहा था.
इसी दौरान वह पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया. करंट लगते ही तेज धमाके और पटाखों जैसी आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर दौड़ पड़े. स्थानीय निवासी गौरव ने बताया कि बच्चा लाइन से चिपक गया था और बुरी तरह झुलस चुका था. लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा हाईटेंशन लाइन से चिपका हुआ दिखाई दे रहा है और लोग उसे रेस्क्यू करते नजर आ रहे हैं.
घटना के बाद बच्चे को तत्काल वाहन से एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 70 फीसदी तक झुलस चुका था. हालत गंभीर होने के चलते उसे आईसीयू में भर्ती किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना पर चंदन नगर पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की. जांच अधिकारी का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, मामले में जांच की जा रही है
