
नलखेड़ा, विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर में शारदीय नवरात्र के पहले ही दिन रविवार को आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा. अलसुबह से ही माता रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा. देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मंदिर परिसर और बाहर लगाए गए बैरिकेड्स पर लंबी कतारें लगी रहीं. श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर खचाखच भरा रहा. रविवार को दिनभर में लगभग 70 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है.
नवरात्र के पहले दिन मां बगलामुखी को छप्पन भोग अर्पित किया गया. फूलों और आकर्षक रोशनी से सजे मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की चहल-पहल बनी रही. वहीं मंदिर में एक हजार से अधिक हवन-अनुष्ठान संपन्न हुए. न्यायाधीशों, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनेताओं सहित कई वीआईपी भी मां के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे. शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार का अवकाश होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह होते-होते मंदिर के बाहर लगाए गए बैरिकेड्स श्रद्धालुओं से भर गए. जैसे-जैसे दिन चढ़ाए वैसे-वैसे भक्तों की संख्या भी बढ़ती गई. मंदिर परिसर से लेकर दर्शन व्यवस्था के लिए बनाए गए मार्गों तक श्रद्धालुओं की कतारें दिखाई दीं. भक्त माता रानी के जयकारे लगाते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे और अपनी बारी आने पर दर्शन किए. नवरात्र के प्रथम दिन मां बगलामुखी का विशेष श्रृंगार किया गया. श्रद्धालुओं की ओर से माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किया गया. फूलों से सजे मंदिर और आकर्षक लाइटिंग ने परिसर की भव्यता बढ़ा दी. रविवार को यज्ञशाला में लगातार अनुष्ठान चलते रहे. नवरात्र के पहले दिन हवन कराने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी रही. आगामी दिनों में भी हवन-अनुष्ठानों के लिए बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भीड़ के बीच चैन स्नैचिंग और जेब कटने की घटनाओं ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. नवरात्रि में जब मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है, तब ऐसी घटनाएं पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर सवालिया निशान लगाती हैं.
सीसीटीवी से निगरानी…
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर नजर रखी. मां बगलामुखी मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष एवं एसडीएम देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार श्रीमाल और थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित राजस्व विभाग के अमले ने व्यवस्था संभाली. सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की गई.
