
मंदसौर। मंदसौर पुलिस ने करीब 11 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के नौवें आरोपी वासील (23) को उत्तरप्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार किया है। आरोपी फिरोजाबाद के म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराकर साइबर ठगी में गिरोह की मदद करता था। पुलिस आरोपी से गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एएसपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के निर्देशन में थाना शामगढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में गठित टीम गिरोह के सदस्यों की लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले गिरोह के बिहार निवासी छह मुख्य आरोपियों सहित भोपाल से म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले शिवांश यादव उर्फ शिवा और खाताधारक कृष्णासिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में फिरोजाबाद निवासी वासील पिता अख्तर सिद्दिकी को हरदोई से पकड़ा गया।
पुलिस की अपील: पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ऑनलाइन ट्रेडिंग के लुभावने प्रस्तावों से सावधान रहने तथा ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या “cybercrime.gov.in” (https://cybercrime.gov.in/) पर शिकायत दर्ज कराएं।
