जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत कृृष्णा नगर निवासी एक महिला को सी बी आई- इनकम टैक्स के फर्जी पत्र भेजकर साइबर ठगों ने कहा कि तुमने 35- 40 तोला सोना पार्सल मंगवाया है, फीस जमा करनी पड़ेगी वरना गिरफ्तार कर लेंगे। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर साइबर ठग ने 1 लाख 45 हजार रूपए ऐंठ लिए। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक प्रीति पटेल 29 वर्ष निवासी कृष्णा नगर गोहलपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति बृजेश पटेल प्राईवेट काम करते है उसके मोबाईल में 2 मोबाईल नम्बरों से वाटसअप में आडियोकॉल आ रहे थे। उक्त व्यक्ति ने उसके वाटसअप पर दो पत्र भेजे जिसमे उसकी फोटो लगी हुई थी और एक पत्र के ऊपर सीबीआई अथॉरिटी लेटर लिखा था एवं दूसरे पत्र मे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भारत सरकार लिखा था दोनों पत्र हस्ताक्षरशुदा थे और उस व्यक्ति ने दोबारा आडियोकॉल कर बोला कि तुमने 35-40 तोला सोना पार्सल मंगवाया है ।
वह दोनों पत्र देखकर डर गयी। सुनील राजपूत नाम का व्यक्ति लगातार कई बार आडियोकॉल करने लगा और उसे आडियोकॉल में बोला कि मैने तुमकों दो पत्र भेजे है उसकी फीस जमा करनी पड़ेगी नही तो तुमको गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इसके बाद फर्जी सीबीआई अधिकारी से भी बात कराई । उसे डराया धमकाया जिसके बाद पीडि़ता ने 1 लाख 45 हजार रुपये भेज दिए। बाद में उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई।
