
ग्वालियर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 21 जून को ग्वालियर आएंगी। वे यहां वायुसेना के विमानतल पर कुछ देर रुकने के पश्चात हैलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर जिले के कूनों नेशनल पार्क के लिये प्रस्थान करेंगीं। वे कूनो नेशनल पार्क का भ्रमण करेंगी एवं वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति 22 जून को सुबह 10.30 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा वापस वायुसेना के ग्वालियर विमानतल पर पधारेंगीं और कुछ देर रुकने के पश्चात दिल्ली के लिये प्रस्थान करेंगीं।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के ग्वालियर प्रवास को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वायुसेना के अधिकारियों एवं निगम के अधिकारियों ने वायुसेना विमानतल का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विमानतल पर आईजी अरविंद सक्सेना, डीआईजी असित यादव, कलेक्टर रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित वायुसेना के अधिकारीगण उपस्थित थे।
