MP के बाद UP में भी ATS का एक्शन, पाकिस्तानी हैंडलर से जुड़े नेटवर्क की जांच

भोपाल। सामने आए कथित आतंकी नेटवर्क की जांच अब कई राज्यों तक पहुंच गई है। मध्यप्रदेश एटीएस के बाद उत्तर प्रदेश एटीएस ने भी कार्रवाई करते हुए बुलंदशहर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे और सोशल मीडिया के जरिए स्लीपर सेल तैयार करने जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

मध्यप्रदेश में इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। भोपाल निवासी मोहम्मद फराज उर्फ खालिद सैफुल्लाह और नईम अब्दुल्ला समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के कथित संपर्क मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान तक फैले हुए हैं।

एटीएस अब इस नेटवर्क की फंडिंग, संदिग्ध संपर्कों और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश एटीएस की टीम उत्तर प्रदेश के देवबंद पहुंचकर नईम अब्दुल्ला की कॉल डिटेल में सामने आए नंबरों और संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल करेगी।

वहीं, उत्तर प्रदेश के एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के अनुसार, बुलंदशहर से गिरफ्तार आरोपियों पर सोशल मीडिया के माध्यम से स्लीपर सेल तैयार करने, भय और आतंक का माहौल बनाने तथा संवेदनशील स्थानों की रेकी करने की साजिश में शामिल होने के आरोप हैं।

जांच एजेंसियां अब सभी गिरफ्तार आरोपियों के बीच कनेक्शन, पाकिस्तान से कथित संपर्क और नेटवर्क के विस्तार की पूरी श्रृंखला को जोड़ने में जुटी हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Next Post

अतिक्रमण पर चला बुलडोजर तालाब और बस स्टैंड क्षेत्र से हटे अवैध कब्जे

Fri Jun 19 , 2026
छतरपुर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत प्रशासन ने शुक्रवार को शांति तालाब, पुरानी सराय और बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई कार्रवाई के दौरान बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाए गए। अधिकारियों ने बताया कि शांति […]

You May Like