दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस की ओर, गर्मी बढ़ने का अनुमान

नयी दिल्ली, 17 जून (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी से कुछ राहत मिलने के बाद बुधवार को फिर से गर्मी और उमस बढ़ गयी तथा दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया।

दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें एक ही दिन में 4.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी दर्ज की गी जबकि न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के सामान्य तापमान से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम था।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आज शाम के बुलेटिन के अनुसार, शहर में सबसे अधिकतम तापमान ‘रिज ऑब्ज़र्वेटरी’ में 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के करीब था।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया है। शुक्रवार तक दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिसके बाद शनिवार को इसमें दो-तीन डिग्री सेल्सियस की थोड़ी गिरावट हो सकती है। इसके बाद, तापमान के फिर से बढ़ने का अनुमान है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान दो से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और रविवार तक यह 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे रातें काफी गर्म हो जायेंगी।

तापमान बढ़ने के बावजूद, मौसम विभाग ने सप्ताहांत में दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। साथ ही, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। शनिवार और रविवार को दोपहर एवं शाम के समय ज़मीन पर तेज़ हवाएं चलने की उम्मीद है, जिनकी रफ़्तार 40-50 किमी/घंटा हो सकती है और हवा के झोंके 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच राष्ट्रीय राजधानी में बारिश नहीं हुई। इस दौरान हवा में नमी का स्तर 35 प्रतिशत से 85 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने आज रात बहुत हल्की बारिश और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ हवाएं चलने का अनुमान लगाया है, जिनकी गति झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

Next Post

बच्‍ची के साथ छेडछाड़ के आरोपी को 5 साल की सजा

Wed Jun 17 , 2026
भोपाल। जिला अदालत ने बुधवार को एक नाबालिक बच्‍ची के साथ छेडछाड़ करने वाले आरोपी को 5 साल की सजा सुनाई है. आरोपी ने बुरी नियत से नाबालिग का हाथ पकडा था. अभियोजक ज्‍योति कुजूर ने बताया कि मनोहरलाल पाटीदार अनन्‍य विशेष न्‍यायाधीश (पॉक्‍सो एक्‍ट) न्‍यायालय ने नाबालिक के साथ […]

You May Like