,
छतरपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सिद्ध पीठ बागेश्वर धाम में मंगलवार को श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही देश-विदेश से लाखों भक्त धाम पहुंचने लगे, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी और लोग बारिश के बीच लंबी कतारों में खड़े होकर बालाजी सरकार के दर्शन के लिए इंतजार करते रहे।
गुरु पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर धाम में संन्यासी बाबा की पावन पादुकाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। साथ ही उनकी भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं को संन्यासी बाबा की दिव्य पादुकाओं के दर्शन का दुर्लभ अवसर प्राप्त हुआ। पूरे धाम परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा।
पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई। वहीं, लाखों भक्तों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम भी किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
