कमरे का दरवाजा लॉक कर लाखों–करोड़ों के जेवरात पर हाथ साफ, दही पीकर फरार हुए अज्ञात चोर

केवलारी। तहसील केवलारी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच रविवार देर रात नगर के बिनेकी रोड स्थित छोटे रेलवे ब्रिज के पास एक मकान में अज्ञात चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में सो रहे परिवार के सदस्यों के कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक कर दिया, गोदरेज अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और उनके बिल लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान चोरों द्वारा घर में रखा गंजी का दही पीने की बात भी सामने आई है।

 

पीड़ित **अभय तिवारी पिता अशोक तिवारी** के अनुसार, घटना रात लगभग 12 बजे से 3 बजे के बीच हुई। अज्ञात चोर पीछे के दरवाजे से घर में दाखिल हुए और परिवार के सो रहे कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने अलमारी में रखे थैले से **42 तोला सोना एवं लगभग 4 किलो चांदी के जेवरात**, उनके खरीद बिल सहित निकाल लिए। बताया गया कि चोर जेवरों के डिब्बे पीछे बाड़ी में ले गए, वहां से जेवर निकालकर डिब्बे छोड़ दिए और फरार हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। प्रारंभिक जांच के लिए **एसडीओ आशिष भंराडे**, **टीआई प्रीतम सिंह तिलगाम**, **एसआई विक्की धुर्वे** सहित पुलिस टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंची। इसके बाद **सिवनी पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी** ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की गहन जांच कर शीघ्र आरोपियों का पता लगाने के निर्देश दिए।

 

पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं तथा आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात में कितने चोर शामिल थे।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि केवलारी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और पुलिस बल की कमी के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। नागरिकों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

Next Post

बिना सुविधाओं के एशिया कप पहुंचे खिलाड़ी, टर्फ मिला तो रचेंगे नया इतिहास

Sun Jun 14 , 2026
इटारसी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल द्वारा खेल मंत्री विश्वास सारंग को सौंपे गए ज्ञापन के बाद क्षेत्र में हॉकी टर्फ की मांग ने ज़ोर पकड़ लिया है। खेल जगत में ‘हॉकी की नर्सरी’ के रूप में अपनी पहचान रखने वाले इटारसी […]

You May Like