
सिंगरौली। जिले की एक विशेष वर्ग की महिला के साथ ऑनलाइन दोस्ती के बहाने करोड़ों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला के सरकारी कर्मचारी पति की मौत के बाद उन्हें मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी और बड़ी धनराशि प्राप्त हुई थी। इसी दौरान फेसबुक मेसेंजर के माध्यम से उनकी दोस्ती गाजीपुर निवासी अविनाश यादव से हुई। उक्त मामले से जुड़ा फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। हालांकि पीड़िता से किसी भी प्रकार की कोई बात नही हो पाई। पहले अविनाश ने खुद को अविवाहित बताते हुए महिला का विश्वास जीता और बाद में कोर्ट मैरिज भी कर ली। शादी के बाद पीड़िता को पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। आरोप है कि उसने धोखे से पीड़िता के पति की मौत के बाद मिली 2 करोड़ रुपए से अधिक की राशि और कीमती जेवर अपने कब्जे में ले लिया। यहां बताते चले कि उक्त पीड़िता यूपी में नौकरी करती है और सिंगरौली जिले की निवासी है। पीड़िता ने न्याय के लिए उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में गुहार लगाई, जिसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस टीम दबिश देकर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।
