एयरपोर्ट पर रात की 6 उड़ानें रद्द, यात्रियों का हंगामा 

इंदौर। एयरपोर्ट पर चल रहे रनवे रिपेयर के कारण रात की उड़ानें लगातार प्रभावित हो रही हैं. देर रात इंडिगो ने दिल्ली, अहमदाबाद और जयपुर रूट की कुल 6 उड़ानों को रद्द कर दिय. एयरलाइंस के अनुसार ये फ्लाइटें देरी से इंदौर पहुंच रहीं थीं, जबकि एयरपोर्ट को रात 10.30 बजे तक बंद करना अनिवार्य था. मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने अतिरिक्त समय देने से इंकार किया, जिसके बाद इंडिगो को उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. अचानक हुए इस निर्णय से यात्रियों में भारी नाराजगी रही और कई ने देर रात एयरपोर्ट पर हंगामा भी कर दिया. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6ई-6576 रात 9.30 बजे दिल्ली से इंदौर आने और 10 बजे दिल्ली लौटने के लिए शेड्यूल थी. इसी तरह अहमदाबाद से 6ई-7187 रात 9.40 बजे आकर 10.10 बजे वापसी थी. जयपुर रूट की दो उड़ानें एक 8.40 बजे इंदौर से जयपुर और दूसरी 10 बजे जयपुर से इंदौर आने वाली भी निरस्त की गईं. इन सभी उड़ानों में विलंब के कारण उनकी टाइमिंग इंदौर एयरपोर्ट के नाइट शटडाउन से टकरा रही थी, लिहाजा इन्हें रद्द करना पड़ा.

 

यात्रियों को तत्काल विकल्प नहीं मिलने से नाराजी बढ़ी

रात की उड़ानों के लिए यात्री शाम से ही एयरपोर्ट पर जुटना शुरू हो चुके थे. जब उन्हें उड़ान रद्द होने की सूचना दी गई तो कई यात्री आक्रोशित हो गए. यात्रियों ने एयरलाइंस से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की, लेकिन कंपनी ने ऑपरेशनल सीमाओं का हवाला देते हुए असमर्थता जताई. जयपुर के यात्रियों का गुस्सा सबसे ज्यादा रहा, क्योंकि उनके विमान की उपलब्धता के बावजूद उड़ान रद्द कर दी गई थी. एयरलाइंस ने सभी यात्रियों को रिफंड, रीबुकिंग और अगले दिन की फ्लाइट में एडजस्ट करने के विकल्प दिए.

सुबह की उड़ान बचाने के लिए रात वाली जयपुर फ्लाइट भी रद्द

विमानतल सूत्रों ने बताया कि जयपुर जाने वाला रात 8.40 बजे का विमान नागपुर से 8.35 बजे इंदौर पहुंच गया था और इसे समय पर भेजा भी जा सकता था।,लेकिन जयपुर से रात 10 बजे आने वाली रिटर्न फ्लाइट को भी रद्द करना पड़ा था. यह विमान सुबह 6.35 बजे जयपुर के लिए उड़ान भरता है. यदि रात की फ्लाइट ऑपरेट होती, तो सुबह वाली जयपुर उड़ान और पूरे दिन का इसका आगे का शेड्यूल प्रभावित होता. इस स्थिति से बचने के लिए कंपनी ने रात की जयपुर फ्लाइट को ही निरस्त कर यात्रियों को सुबह की उड़ान में समायोजित करने का निर्णय लिया. इंदौर एयरपोर्ट पर रनवे रिपेयर का कार्य दिसंबर मध्य तक जारी रहेगा, ऐसे में देर रात की उड़ानों पर इसी तरह का असर पडऩे की संभावना बनी हुई है.

Next Post

तेज रफ्तार बस ने दो बाइकों को मारी टक्कर, भीड़ का फूटा गुस्सा; ड्राइवर-क्लीनर से मारपीट

Fri Nov 28 , 2025
इंदौर. उज्जैन रोड पर शाम को हुए सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. लोगों ने बस में तोडफ़ोड़ की और चालक दल पर हाथ उठा दिया. पुलिस ने हालात काबू में किए, फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच कर रही है. थाना प्रभारी विजयशंकर महोबिया ने बताया कि […]

You May Like