
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना संयुक्त सिंचाई एवं बहुउद्देशीय परियोजना के अंतर्गत मडिया बांध में भारी वर्षा के कारण अतिरिक्त जल की निकासी के लिए आज 10 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे जलद्वार खोले जाने की संभावना है। इससे बीना नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
परियोजना प्रशासक, बेतवा परियोजना क्रियान्वयन इकाई (बीपीआईयू-2) क्रमांक 2, राहतगढ़ द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस वर्षाकाल में बांध की कुल जलभराव क्षमता 270.10 मिलियन घन मीटर का दो-तिहाई भाग यानी 180.07 मिलियन घन मीटर जलभराव किया जा रहा है। आज बांध का जलस्तर आरएल 495.80 मीटर दर्ज किया गया है।
बाँध के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी वर्षा को देखते हुए अतिरिक्त जल की निकासी आवश्यक हो गई है। जलद्वार खुलने से बीना नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे एहतियातन बीना नदी के तटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। निचले इलाकों और नदी किनारे रहने वाले नागरिकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
