
इंदौर. उज्जैन रोड पर शाम को हुए सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. लोगों ने बस में तोडफ़ोड़ की और चालक दल पर हाथ उठा दिया. पुलिस ने हालात काबू में किए, फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच कर रही है.
थाना प्रभारी विजयशंकर महोबिया ने बताया कि इंदौर उज्जैन रोड पर शाम शुक्ला ब्रदर्स की यात्री बस दुर्घटना का शिकार हो गई. तेज रफ्तार से चल रही बस ने पीछे से दो अलग-अलग बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक बाइक पर सवार दंपती और उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हुए. दूसरी बाइक चला रहा युवक भी हादसे में जख्मी हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की गति काफी अधिक थी और चालक नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके कारण दोनों बाइकें सीधे चपेट में आ गईं. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बस पर पथराव कर उसमें तोडफ़ोड़ कर दी. उस समय बस में मौजूद यात्रियों को लोगों ने तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. भीड़ ने बस के ड्राइवर और क्लीनर से मारपीट भी की, जिसके बाद स्थिति और बिगडऩे लगी. सूचना मिलते ही सांवेर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर हालात शांत किए. पुलिस ने बस को जब्त कर लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. जानकारी के अनुसार, घायल महिला की स्थिति नाजुक बनी हुई है. हादसे की जांच की जा रही है और बस चालक से पूछताछ की तैयारी की जा रही है.
