जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत बंधी में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।पुलिस के अनुसार, ग्राम बंधी निवासी पिंकी पटेल (37) पेशे से किसान हैं। वे अपने मायके ग्राम बघेली खिन्नी गई हुई थीं। उनका बेटा प्रवीण पटेल जबलपुर में रहकर कॉलेज की पढ़ाई करता है, जिसके कारण बंधी स्थित मकान पूरी तरह सूना था। जब प्रवीण घर लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉकर भी खुला हुआ था। बेटे की सूचना पर पिंकी पटेल तुरंत मायक से वापस बंधी लौटीं। जब उन्होंने बिखरे हुए सामान और अलमारी की जांच की, तो उसमें रखे सोने के कंगन, एक जोड़ी चांदी की पायल और 12,000 की नगदी गायब थी।
टेंट गोदाम से सामान चोरी
रांझी थाना अंतर्गत डिफेंस कॉलोनी बिलपुरा में चोरों ने एक टेंट गोदाम को निशाना बनाया। गोदाम मालिक सुमित कश्यप (37) के मुताबिक, घर के पीछे बने इस खुले गोदाम में केवल तार फेंसिंग है। सामान कम दिखने पर उन्हें चोरी का पता चला। चोर लोहे के 53 पाइप, 5 टेबल, 9 गंज, 4 सीढ़ी और 7 प्लास्टिक ड्रम समेत कुल 40 हजार रुपये का सामान समेट ले गए। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
