भजन लाल ने जयपुर शहर में रैन बसेरे का किया निरीक्षण

जयपुर, 03 जनवरी (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरूवार देर रात को जयपुर शहर में जरूरतमंद एवं निराश्रितों के लिए अल्बर्ट हॉल के नजदीक संचालित रैन बसेरे में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जयपुर शहर में संचालित समस्त रैन बसेरों में विश्राम करने एवं शयन की आवश्यकता से रूकने वाले जरूरतमंदों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने रैन बसेरों में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखने एवं एंट्री रजिस्टर को अच्छे से मेंटेन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जेएलएन मार्ग पर सड़क किनारे रह रहे निराश्रित लोगों एवं दिव्यांगों को सर्दी से बचाव के लिए कंबलों का वितरण किया। उन्होंने सभी से आत्मीयता से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम भी पूछी और राज्य सरकार द्वारा हरसंभव सहयोग देने के लिए उन्हें आश्वस्त भी किया।

इसके बाद श्री शर्मा ने कहा कि तेज सर्दी में किसी को परेशानी नहीं हो, इसके लिए मुख्यमंत्री सहायता केन्द्रों के माध्यम से लोगों की मदद की जा रही है और नगर निगम ने रैन बसेरे की बहुत अच्छी व्यवस्था की है तथा रैन बसेरे में रुके लोगों से बात की गई, उन्हें खाना भी अच्छा मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे मौसम में उन लोगों को आगे आने की जरूरत है जिनके पास गर्म कपड़े, कंबल एवं रजाई उनके काम नहीं आ रहे हैं, समाज का दायित्व है कि हम जरूरतमंद की मदद करें और इसके प्रति योगदान होना चाहिए।

मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान नगर निगम ग्रेटर के उप महापौर पुनीत कर्णावट सहित अधिकारी मौजूद थे।

Next Post

भूले-भटके बच्चे के माता-पिता को तलाश कर पुलिस ने किया सुपुर्द

Fri Jan 3 , 2025
दमोह: गुरूवार शाम एक 11 वर्षीय बालक बिना बताए अपने घर से साइकिल से दमोह आ गया था, जो सिटी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस को मिलने पर पुलिस कोतवाली लेकर आई, जहां कोतवाली पुलिस बच्चे के माता-पिता, परिजनों की तलाश करने में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अलावा बच्चे के बताएं […]

You May Like