
इंदौर: जूनी इंदौर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्कार्पियो कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 पेटी हाईरेंज अंग्रेजी शराब और स्कार्पियो कार सहित करीब 21.61 लाख रुपए का माल जब्त किया है.थाना प्रभारी अनील गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कार्पियो कार एमपी 09 जेपी 9681 में अवैध शराब भरकर टावर चौराहा से सिंधी कॉलोनी की ओर ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका.
पूछताछ में चालक ने अपना नाम कैलाश लालवानी उम्र 52 निवासी साकेत नगर इंदौर और साथ बैठे व्यक्ति ने प्रकाश लखानी उम्र 46 साल निवासी गांधी नगर भोपाल बताया. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें विभिन्न ब्रांड की 20 पेटी अंग्रेजी शराब (करीब 177.660 बल्क लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.61 लाख रुपए आंकी गई है. वहीं जब्त स्कार्पियो कार की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब इंदौर से झाबुआ होते हुए गुजरात बॉर्डर पर सप्लाई करने ले जा रहे थे. पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर रिमांड पर लिया है और शराब के स्रोत व नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
