
दमोह. देहात थाना क्षेत्र के हथना गांव में रहने वाला पत्नी पीड़ित युवक शुक्रवार दोपहर अपने परिवार के साथ फिनायल की बोतलें लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा. उसने कहा कि पत्नी से परेशान है, वो मेरे साथ और मेरे माता पिता के साथ मारपीट करती है, मुझे बचाओ.यदि आज पुलिस ने मदद नहीं कि तो मैं परिवार के साथ यहीं पर फिनायल पीकर आत्महत्या कर लूंगा. एसपी ऑफिस में मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक और उनके परिजनों से फिनायल की बोतलें छीनी और उसके बाद सीएसपी अभिषेक तिवारी, टीआई देहात रचना मिश्रा, बटियागढ़ नेहा गोस्वामी ने परिवार के लोगों से बात की.युवक अनुज मिश्रा ने बताया कि पत्नी मेरे साथ और मेरे परिवार के साथ मारपीट करती है.पत्नी से मेरा तलाक का केस चल रहा है. वह अपने मायके में रहती है और बीच-बीच में आकर हमारे घर पर झगड़ा करती है और मारपीट करती है. 29 मई की शाम भी वह मेरे घर पहुंची और मेरे साथ और मेरी मां के साथ मारपीट की और मुझे झूठे केस में फसाने की धमकी दी.मैंने इसकी शिकायत जबलपुर नाका चौकी में भी की थी. इसके पहले भी मैं कई बार शिकायत कर चुका हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती. इसलिए आज मैं अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा हूं. यदि आज मुझे न्याय नहीं मिलता तो मैं अपने परिवार के साथ यहां पर फिनायल पीकर आत्महत्या कर लूंगा.
इस मामले में सीएसपी अभिषेक तिवारी का कहना है कि शिकायत ले ली गई है. परिजनों को समझाया गया है कि वह कोई अनैतिक कदम ना उठाएं।
