साडा अध्यक्ष ने ली संस्थागत एवं शैक्षणिक भूखंडधारियों की बैठक

ग्वालियर: विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अध्यक्ष अशोक शर्मा की अध्यक्षता में साडा क्षेत्रांतर्गत संस्थागत, शैक्षणिक एवं पी.एस.पी. भूखंडधारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में चाइल्ड एजुकेशन सोसायटी के निशांत सिसौदिया, सशस्त्र सुरक्षा बल के मिथलेश कुमार, एमिटी यूनिवर्सिटी के सूरज शर्मा, मध्य भारत शिक्षा समिति के राजेन्द्र वैद्य तथा राजविद्या केन्द्र के कपिल खौसला सहित साडा के अधिकारी हरनाम सिंह, संपदाधिकारी नबल सिंह राजपूत एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से आवंटित भूखंडों पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाकर क्षेत्र को योजनानुसार विकसित किया जाना आवश्यक है। सशस्त्र सुरक्षा बल के प्रतिनिधि मिथलेश कुमार ने बताया कि सीपीडब्ल्यूडी द्वारा प्रथम चरण के निर्माण कार्य हेतु 39.31 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।

बजट आवंटन प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। बैठक के दौरान राजविद्या केन्द्र, एमिटी यूनिवर्सिटी एवं चाइल्ड एजुकेशन सोसायटी के प्रतिनिधियों द्वारा स्थल पर पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। इस पर साडा अध्यक्ष ने उक्त सुविधाओं के संबंध में कार्यालय द्वारा की गई कार्यवाही से प्रतिनिधियों को अवगत कराया। इसके पश्चात संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में वीरांगना लक्ष्मीबाई शिक्षा समिति के मध्य भारत शिक्षा समिति में विलय होने के उपरांत समिति के सचिव द्वारा मध्य भारत शिक्षा समिति के पक्ष में निर्माण संबंधी अनापत्ति प्रदान करने तथा संधारण शुल्क में छूट दिए जाने का अनुरोध किया गया। इस पर अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि संधारण शुल्क में छूट का कोई प्रावधान उपलब्ध नहीं है।

Next Post

एमपी कैबिनेट: अस्पतालों को मिलेगी आर्थिक मदद, तबादलों की समय-सीमा पर भी चर्चा

Tue Jun 16 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक वंदे मातरम् गायन के साथ शुरू हुई। बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती देने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी देने पर विचार कर सकती है। इसके अलावा […]

You May Like