एमपी कैबिनेट: अस्पतालों को मिलेगी आर्थिक मदद, तबादलों की समय-सीमा पर भी चर्चा

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक वंदे मातरम् गायन के साथ शुरू हुई। बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती देने से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई। सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी देने पर विचार कर सकती है। इसके अलावा प्रदेश में तबादलों की अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी मंथन होने की संभावना है।

प्रस्तावित स्वास्थ्य अधोसंरचना प्रोत्साहन नीति के तहत परोपकारी, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा संचालित अस्पतालों तथा डायग्नोस्टिक केंद्रों को सुविधाओं के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया जा सकता है। इसमें नए उपकरणों की खरीद और आवश्यक संसाधनों के विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य निजी और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाना और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा तैयार प्रस्ताव में किन संस्थानों और सुविधाओं को लाभ मिलेगा, इसका निर्णय कैबिनेट में किया जाएगा।

वहीं, तबादला अवधि बढ़ाने के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है। सरकार ने स्थानांतरण के लिए 15 जून तक की समय सीमा तय की थी, लेकिन कई विभागों में प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। विभागों की मांग के बाद अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव सामने आया है। हालांकि मुख्यमंत्री पहले संकेत दे चुके हैं कि तबादला अवधि बढ़ाने की संभावना कम है, अंतिम निर्णय कैबिनेट ही करेगी।

Next Post

टीआरएस सिंगरेनी मजदूरों के अधिकारों के लिए लड़ेगी: के कविता

Tue Jun 16 , 2026
मंचेरियल, 16 जून (वार्ता) तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष कलवकुंतला कविता ने मंगलवार को सिंगरेनी के खदान मजदूरों की बड़े पैमाने पर हो रही अनदेखी का आरोप लगाया और उनके अधिकारों के लिए लड़ने का संकल्प लिया। सुश्री कविता मंचेरियल जिले की श्रीरामपुर आरके-7 खदान में ‘सिंगरेनी बायी बाटा’ […]

You May Like