आसमान से बरस रही आग 42 डिग्री पार पहुंचा तापमान

सिंगरौली : ऊर्जानगरी में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आज रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। आसमान से आग बरसती नजर आ रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, वहीं लोग तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए छायादार पेड़ों और ठंडी जगहों की तलाश में नजर आ रहे हैं।

गर्मी का असर सिर्फ जिला मुख्यालय तक ही सीमित नहीं है, बल्कि चितरंगी क्षेत्र में भी तेज गर्मी और लू के थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। सुबह से ही सूरज के तीखे तेवर शुरू हो जाते हैं और दोपहर तक स्थिति बेहद भयावह हो जाती है। बाजारों में चहल-पहल कम हो गई है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। चिकित्सकों ने इस भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार दोपहर 12 बजे से लेकर 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।

अधिक से अधिक पानी, छाछ, नींबू पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा सिर को ढककर ही बाहर निकलें। विशेषज्ञों का कहना है कि लू से बचाव के लिए धूप में ज्यादा देर तक न रहें, बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन को भी जरूरी इंतजाम करने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Next Post

भेड़िए का हमला, युवक ने दबोचकर बचाई जान, ग्रामीणों ने पीटकर मार डाला

Sun Apr 19 , 2026
खंडवा: पंधाना क्षेत्र के खोदरी गांव में शुक्रवार रात भेड़िए के हमले से दहशत फैल गई। हमले में तीन युवक घायल हो गए, जबकि भेड़िए ने दो बकरियों को मार डाला। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे विजय बारे गांव के पास तालाब किनारे गया था, तभी झाड़ियों में […]

You May Like