हरिद्वार से लौट रहे जयपुर के परिवार की बस ट्रेलर से टकराई, 18 लोग घायल

अलवर, 16 जून (वार्ता) राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल्ली -मुम्बई एक्सप्रेस वे पर सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में गंगा स्नान करके जयपुर लौट रहे एक ही परिवार के सदस्यों से भरी बस एक ट्रेलर से टकरा गई इससे बस में सवार 18 लोग घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर के कुछ लोग सोमवती अमावस्या पर हरिद्वार में स्नान करके लौट रहे थे। वे एक 17 सीटर बस में सवार थे। सुबह करीब छह बजे वापसी के दौरान बड़ौदा मेव और पिनान के बीच रौनपुर गांव के समीप आगे चल रहे ट्रेलर का अचानक टायर फट गया। टायर फटने से ट्रेलर असंतुलित हो गया जिससे पीछे से आ रही बस उससे टकरा गई।

इस टक्कर से बस में सवार लोग सीटों से उछल गए और महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को निकालने के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। सात एंबुलेंसों की सहायता से सभी घायलों को अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां ट्रॉमा वार्ड में उनका उपचार जारी है।

एम्बुलेंस चालक बलवीर ने बताया कि बस में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार और एक ही परिवार से जुड़े हुए हैं। हरिद्वार में स्नान के बाद वे जयपुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

घायलों में फूली देवी, नवरत्न, कंचन कुमावत, महावीर, रामजीलाल, रतनलाल, कमला देवी और सोनू पत्नी फूलचंद सहित अन्य लोग शामिल हैं। इनमें कुछ घायलों को अधिक चोटें आई हैं, जिनका चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रेलर का टायर फटना और उसके बाद बस की टक्कर होना सामने आया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

 

 

Next Post

युवा कांग्रेस ने किया भाजपा कार्यालय का किया उग्र घेराव

Tue Jun 16 , 2026
 सतना: भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस जिला सतना के आह्वान पर आज जिला कांग्रेस कमेटी सतना ग्रामीण/शहर, युवा कांग्रेस कमेटी जिला सतना ग्रामीण एवं शहर, एनएसयूआई के सैकड़ों आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की तानाशाही और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ भाजपा कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया। यह […]

You May Like