श्रीलंका ए की भारत ए के खिलाफ सुपर ओवर में रोमांचक जीत

दाम्बुला, 15 जून (वार्ता) श्रीलंका ए ने भारत ए के खिलाफ ए-टीम त्रिकोणीय सीरीज़ में सोमवार को मुकाबला टाई होने के बाद सुपर ओवर में रोमांचक जीत हासिल की।

भारत ए ने 49.2 ओवर में 265 रन बनाये जबकि श्रीलंका ने 50 ओवर में नौ विकेट पर 265 रन बनाये और मैच टाई रहा। फैसले के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया जिसमें श्रीलंका ए ने बिना कोई विकेट खोये 16 रन बनाये और भारतीय टीम 10 रन बनाकर मुकाबला हार गयी।

निर्धारित ओवरों में भारत ए ने सूर्यांश शेडगे (72), विप्रज निगम (51) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 265 रन का सम्मानजक स्कोर बनाया। आज यहां श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर भारत ए को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे शुरु से ही लड़खड़ाती नजर आयी। 39 रन के स्कोर पर उसने दोनों सलामी बल्लेबाजों प्रभसिमरन सिंह (11) और वैभव सूर्यवंशी (21) के विकेट गंवा दिये। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभलाने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। तिलक वर्मा (23) और ऋतुराज गायकवाड़ (37) रन बनाकर आउट हुये। आयुष बडोनी (15), निशांत सिंधु (छह) और अनुकूल राॅय (आठ) रन के विकेट में जल्द गिर गये।

ऐसे संकट के समय सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजो ने आठवें विकेट के लिए 104 रन जोड़कर टीम को सम्मानजक स्कोर तक पहुंचाया। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये। 48वें ओवर में विप्रज निगम (51) के रन आउट होने पर यह साझेदारी टूटी। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर अरशद खान (दो) रन नौवें विकेट के रूप में आउट हुये। 50वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोहम्मद शीराज ने सूर्यांश शेडगे को आउट कर 265 रनों के स्कोर पर भारतीय पारी का अंत किया। सूर्यांश शेडगे ने 66 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (72) रनों की पारी खेली। श्रीलंका ए के लिए विजयकांत वियसकांत और मोहम्मद शीराज को तीन- तीन विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए की तरफ से सदीरा समराविक्रमा ने सात चौकों की मदद से 93 रन की शानदार पारी खेली और आखिरी ओवर में दूसरी गेंद पर आउट हुए। तब टीम का स्कोर 261 रन था। श्रीलंका पारी 265 रन पर सिमटी।

सुपर ओवर में भारत ए को वैभव सूर्यवंशी से खासी उम्मीदें थीं लेकिन वह छह रन ही बना सके। सूर्यांश शेडगे ने नाबाद तीन रन बनाये।

 

Next Post

पद की गरिमा भुलाकर तृणमूल कांग्रेस सांसदों को तोड़ने की साजिश रच रहे हैं अमित शाह : कांग्रेस

Mon Jun 15 , 2026
नयी दिल्ली, 16 जून (वार्ता) कांग्रेस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तृणमूल कांग्रेस के सांसदों को तोड़ने और उनका एक अपेक्षाकृत अपरिचित राजनीतिक दल के साथ विलय कराने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उस पद की गरिमा का ख्याल नहीं रख रहे […]

You May Like